6 जन॰ 2019

यह कमरा

एक तरफ खाली दीवार है
घूरती है तन्हा खामोश है
बाहर की आवाजें
इससे टकराकर दम तोड़ती है
एक बड़ी अलमारी
कुछ पुराने कपड़े है
जिसमे खुशी के मौके पर
पहनने के लिए एक जोड़ा नया है
तलाश है बस खुशी की ....
फ्रिज निरंतर चल रहा है
दुनिया की गर्म फिजाओं में
अपने ठंडे वजूद को बचाकर
खामोशी से चल रहा है
बस चला जा रहा है .......
बिस्तर लगा है सलीके से
सोने के इंतजार में
वो खुद थक कर सो चुका है
मुझे बस लेटना है
नींद की आगोश के लिए ...

_______________________
यह कमरा ...(जमील नामा 55/18)

घना कोहरा

यह सर्द रातें
यह ठंडा घना कोहरा
कभी कम्बल से निकल
कुछ दूर चल
गलियों में झांक
चौराहे के उस पार
पुल के नीचे
कुछ इंसान रहते हैं
तुझे क्या पता
तुझे खबर नहीं
मजबूरी क्या है
जब तक ना पिघले
सीने में जमी बर्फ
तब तक शायद तुझे
अहसास ना होगा
दिसंबर की रातों का
...
ग़रीब की सर्दी (जमील नामा 66-18)

जद्दोजहद

ज़िन्दगी की
जद्दोजहद जारी है
आज तो गुजर गया
जैसे तैसे
कल की तैयारी है
दिन भर की थकन लेकर
लौट आए है
उस कमरे में
जहां
एक कोने में फ्रिज है
एक बड़ी सी अलमारी है
कपड़े भी धोने है
फ्रिज में सालन रखा है
ज़ायका पता नहीं
रोटियां बिकती है
खरीद लेंगे .
जल्दी सो जायेंगे
सुबह उठने के लिए
यादों के बाद
अक्सर
नीद गहरी आती है
यहां यही ज़िन्दगी है
मजबूरी है
मजदूरी है
खुशियों की खातिर
जीना भी
जरूरी है
.
@ जमील नामा 36/18

लापता,

कैसा यह दौर है
शोर मचाकर भी
ज़बान लापता , आवाज लापता,

कैसा यह दौर है
बोले तो लगे
तहज़ीब लापता, अदब लापता

कैसा है दौर है
जाहिल नहीं कोई
पढ़ लिखकर भी नोकरी लापता

कैसा यह दौर है
बेटियां लुटती रही
इंसाफ लापता इंसानियत लापता

कैसा यह दौर है
मंदिर है मस्जिद है
ईमान लापता ईमानदार लापता

कैसा यह दौर है
कैद है मजलूम
क़ातिल लापता, इंसाफ लापता

कैसा यह दौर है
झूठा कोई नहीं
बस सच लापता, सच्चाई लापता,

कैसा यह दौर
अख़बार छपा है
खबर लापता, खबरें भी लापता,
.......................................
लापता ( जमील नामा 64/18

चलो चाय पीते है

शाम को तन्हा बैठकर
ख्यालों में डूब कर
यादों में खो कर
में अक्सर खुद से कहता हूं
चलो चाय पीते है !!

ज़िन्दगी की जद्दोजहद से
जहन रुक जाता है
बदन थक जाता है
तब में अक्सर खुद से कहता हूं
चलो चाय पीते है !!

जब यादें उरूज पर हो
ख़्वाब खुरूज पर हो
नफ्स को सुकूं तो मिले
में अक्सर खुद से कहता हूं
चलो चाय पीते है !!

चुस्कियों की तलब है
कैसी बनेगी, कैसे बनेगी
जैसे भी बनेगी..
में अक्सर खुद से कहता हूं
चलो चाय पीते है !!
_____
चाय पीते है (जमील नामा 58/18)